PHM NEWS

रास्ते के विवाद में हत्या: तीन महिलाओं समेत आठ आरोपी गिरफ्तार

प्रकाशित: 07 Jul 2026

रास्ते के विवाद में हत्या: तीन महिलाओं समेत आठ आरोपी गिरफ्तार, चाकू-पाइप व डंडे बरामद
देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद में हुई मारपीट के दौरान युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू, लोहे का पाइप और दो डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई को नौतन हथियागढ़ गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान राजू विश्वकर्मा उर्फ चंदन गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी प्रीति शर्मा की तहरीर पर रामपुर कारखाना थाने में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने छह जुलाई को मुखबिर की सूचना पर बरईपुर खास गांव से विशुनपुर चिरकिहवा जाने वाले तिराहे के पास स्थित पुलिया से आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में अनुज कुमार सिंह, हितेश सिंह उर्फ आर्यन सिंह उर्फ भोलू सिंह, प्रेम सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, गिरिजेश सिंह, गोरख सिंह, रानी देवी, दुर्गावती तथा सुभावती देवी उर्फ प्रभा देवी शामिल हैं। सभी नौतन हथियागढ़, थाना रामपुर कारखाना के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू, एक लोहे का पाइप और दो डंडे बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि मुकदमे में विवेचना के दौरान संबंधित धाराओं के साथ बीएनएस की धारा 190 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की भी बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।