पुलिस की गौरवशाली परंपरा, बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है पुलिस ध्वज, जवानों को सम्मान बनाए रखने का संदेश*।
गोरखपुर। पुलिस बल के मान, सम्मान और गौरव के प्रतीक पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन्स स्थित क्वार्टर गार्ड में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल ने ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज को सलामी दी। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को फ्लैग चिन्ह लगाकर पुलिस ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस को 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। यह सम्मान उत्तर प्रदेश पुलिस की वीरता, कर्तव्यपरायणता, अनुशासन और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दिया गया था। इसी ऐतिहासिक गौरव और सम्मान की याद में प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है।
यह दिवस पुलिसकर्मियों को अपने गौरवशाली इतिहास, बलिदान, सेवा और कर्तव्यों के प्रति समर्पण की याद दिलाता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन, साहस और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। प्रत्येक पुलिसकर्मी का दायित्व है कि वह अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे तथा पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को बनाए रखे।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिसकर्मी अपने आचरण और कार्यशैली से जनता के बीच विश्वास कायम करें। पुलिस ध्वज से जुड़ा सम्मान प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के लिए प्रेरणास्रोत है।
इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावत, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कैंट तथा क्षेत्राधिकारी लाइन अरुण कुमार एस, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अविचल पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस ध्वज के सम्मान और विभागीय गौरव को बनाए रखने के संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।










