कौशाम्बी पुलिस का 'ऑपरेशन रिकवरी': 25 लाख के 97 मोबाइल बरामद, दुबई तक पहुंची पुलिस।
कौशाम्बी। जनपद की कौशाम्बी पुलिस को मोबाइल रिकवरी के मामले में एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों से चोरी, स्नैचिंग और गुम हुए कुल 97 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने बताया कि इन मोबाइलों को CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और सर्विलांस टीम की मदद से रिकवर किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि बरामद किए गए फोनों में से एक मोबाइल फोन दुबई से रिकवर किया गया है।
एसपी राजेश कुमार ने स्वयं पीड़ितों को उनके खोए हुए मोबाइल सुपुर्द किए। अपना फोन वापस पाकर पीड़ितों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने कौशाम्बी पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की। इस सराहनीय कार्य के लिए एसपी ने रिकवरी टीम के पुलिसकर्मियों को 5-5 हजार रुपये का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।