खगड़िया में पंच-सरपंच संघ ने हाई कोर्ट निरीक्षण न्यायाधीश को सौंपा 8 सूत्री मांग पत्र
खगड़िया। हाई कोर्ट के माननीय निरीक्षण न्यायाधीश चंद्र प्रकाश सिंह को मंगलवार को पंच-सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष व प्रदेश उपाध्यक्ष किरण देव यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने 8 सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव मनोज कुमार और सचिव अर्जुन महतों शामिल रहे।
मांग पत्र सौंपने के बाद सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष किरण देव यादव ने कहा कि गांधीजी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को धरातल पर लागू करने के लिए ग्राम न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के अनुरूप निचली अदालतों पर बढ़ते केस के भार को कम करने और आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि ग्राम कचहरी को सशक्त बनाकर न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जा सकती है, जिससे आमजन का न्याय व्यवस्था पर भरोसा बढ़ेगा।
मांग पत्र में 8 बिंदुओं को शामिल किया गया, जिनमें मुख्य रूप से—
ग्राम कचहरी द्वारा तीन नोटिस के बावजूद प्रतिवादी की अनुपस्थिति पर एसडीओ कोर्ट में अभिलेख खोलकर गिरफ्तारी वारंट जारी करने की व्यवस्था लागू करना, ग्राम कचहरी को धारा 40 के साथ धारा 60 का अधिकार प्रदान करना, जिला स्तर पर न्यायिक समिति का गठन कर सरपंच की सहभागिता सुनिश्चित करना, विधि जागरूकता कार्यक्रम व लोक अदालत में सरपंचों की भागीदारी, लंबित मुकदमों का त्वरित निष्पादन, कोर्ट में बढ़ती केस लोड को कम करने की कार्रवाई, कोर्ट परिसर में पार्किंग की व्यवस्था तथा शौचालयों की नियमित सफाई शामिल है।
मांग पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए माननीय न्यायमूर्ति चंद्र प्रकाश सिंह ने उक्त सभी प्रस्तावों का संज्ञान लेने और संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए न्यायाधीश महोदय का आभार व्यक्त किया।