अलीगंज में एक युवक ने लगाई फांसी लटका मिला शव
अलीगंज थाना क्षेत्र में एक युवक का शव फांसी पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह घटना मैनपुरी रोड स्थित एक मकान में हुई।
मृतक की पहचान 18 वर्षीय दीपक यादव पुत्र अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो ग्राम गलारपुर, थाना अलीगंज का निवासी था। दीपक बीएससी का छात्र था।
दीपक के चाचा सुशांत ने बताया कि उन्होंने दीपक के लिए कपड़े की दुकान खुलवाई थी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूर्व में दीपक के माता-पिता ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद परिवार में अब केवल उसकी बहन आकांक्षा बची है।
गांव के 68 वर्षीय सुरेंद्र सिंह ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि चार-पांच दिन पहले भी कुछ लोग दीपक की दुकान पर उसे मारने-पीटने आए थे। दीपावली के दिन दीपक का अपनी सौतेली मां रीति से मोटरसाइकिल बेचने को लेकर विवाद हुआ था, जिस पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। सुरेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि दीपक की मौत की जानकारी होने पर भी उसकी सौतेली मां मौके पर नहीं पहुंची।
कोतवाली अलीगंज के थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सभी आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है और युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।