अलीगंज। कस्बा अलीगंज के एक निजी स्कूल में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पढ़ाई के लिए पहुंचे बच्चों ने कक्षा संख्या-1 में एक व्यक्ति का शव पंखे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर बच्चे घबरा गए और उनकी चीख-पुकार से पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला नजफअली निवासी 55 वर्षीय गिरीश चंद्र गुप्ता पुत्र सौजी राम गुप्ता पिछले लगभग चार वर्षों से कोट रोड स्थित एक मकान में परिवार सहित रह रहे थे। वह सामने स्थित निजी स्कूल में कैंटीन का संचालन करते थे। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे वह रोज की तरह घर से निकले थे। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उनका शव स्कूल की कक्षा संख्या-1 में पंखे से लटका मिला है।
मृतक के पुत्र अनमोल ने बताया कि उनके पिता स्कूल में बच्चों को नमकीन, बिस्कुट और अन्य खाद्य सामग्री बेचते थे। उनका आरोप है कि कुछ दिन पहले स्कूल प्रशासन से कहासुनी हो गई थी, जिसके दौरान उनकी नमकीन की बोरी बाहर फेंक दी गई थी। इस घटना के बाद उनके पिता मानसिक तनाव में रहने लगे थे।
वहीं, स्कूल प्रबंधन के अनुसार विद्यालय की चाबी पास की एक दुकान पर रहती है। सुबह जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो पड़ोसी दुकानदार ने ताला खोलकर उन्हें अंदर भेजा। बच्चे जैसे ही कक्षा संख्या-1 में पहुंचे, वहां पंखे से शव लटका देख घबरा गए। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी दुकानदार को दी, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई।
कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।