एटा। विकासखंड जैथरा के गांगूपुरा स्थित गजराज सिंह इंटर कॉलेज में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा, कार...
एटा। विकासखंड जैथरा के गांगूपुरा स्थित गजराज सिंह इंटर कॉलेज में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और संगठनात्मक मजबूती को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, विधायक सत्यपाल सिंह राठौर एवं सुशील कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘एकात्म मानववाद’ भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है। पार्टी उनके सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, अनुशासन और सेवा भाव की जानकारी दी जा रही है।
विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत को अपनाते हुए केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
कार्यक्रम में मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पीयूष शाक्य, आशीष राजपूत, जिला उपाध्यक्ष डॉ. अनुराग गुप्ता, सुशील कुमार और कमलेश कुमार गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने प्रशिक्षण के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।