अलीगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / एटा
🚨 Breaking News | एटा

अलीगंज में बिजली लाइन मरम्मत के दौरान हादसा : शटडाउन के बावजूद युवक को लगा करंट

एटा | 12-May-2026 06:06 PM | 343 |
एटा
शटडाउन के बावजूद युवक को लगा करंट

अलीगंज क्षेत्र के सत्तिया इलाके में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन का शटडाउन लेने की बात कहकर पोल पर चढ़ाए गए युवक को अचानक करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम ससोता दोसापुर निवासी 30 वर्षीय अनुज पुत्र कप्तान सिंह सत्तिया इलाके में टूट चुकी बिजली लाइन की मरम्मत का कार्य कर रहा था। बताया गया कि मरम्मत के दौरान उसे हाईटेंशन पोल पर चढ़ाकर लाइन ठीक करने के लिए भेजा गया था।
घायल अनुज के अनुसार, कार्य शुरू करने से पहले उसने लाइन में करंट बंद होने की पुष्टि की थी। आरोप है कि उत्तम नामक लाइनमैन ने उसे भरोसा दिलाया कि लाइन का शटडाउन लिया जा चुका है और विद्युत सप्लाई पूरी तरह बंद है। इसी भरोसे पर वह पोल पर चढ़ गया। लेकिन जैसे ही वह लाइन के पास पहुंचा, अचानक बिजली प्रवाहित हो गई और वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद घायल युवक को सीएचसी अलीगंज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार युवक के शरीर के कई हिस्से झुलसे हैं।
घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उनका आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण युवक की जान खतरे में पड़ गई। ग्रामीणों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में अलीगंज विद्युत विभाग के एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी कर्मचारी या लाइनमैन की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.