अलीगंज के कैल्ठा गांव में भक्त प्रह्लाद कथा का आयोजनः
एटा। अलीगंज विकासखंड के कैल्ठा गांव में चल रही साप्ताहिक भागवत कथा के तृतीय दिवस पर भक्त प्रह्लाद की कथा का आयोजन किया गया। कथावाचक एटा के रजनेश शास्त्री जी ने भगवान विष्णु की भक्ति, शक्ति और भक्त के प्रति उनके स्नेह का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा के दौरान भक्तों ने भजनों पर जमकर नृत्य किया और भक्ति रस में सराबोर हो गए। शास्त्री जी ने बताया कि कैसे बालक प्रह्लाद ने अपने पिता हिरण्यकश्यप के विरोध के बावजूद अटूट भक्ति से भगवान विष्णु को प्रसन्न किया और अंततः भगवान ने उनकी रक्षा की।
इस अवसर पर भक्त ध्रुव की कथा भी सुनाई गई। कथा के माध्यम से बताया गया कि मात्र पाँच वर्ष की आयु में ध्रुव ने जंगल में कठोर तपस्या कर भगवान के साक्षात दर्शन प्राप्त किए और अपनी माता को भी उस पुण्यफल का अनुभव कराया।
कथा के आयोजन में म्यान सिंह यादव, जहान सिंह यादव और अमरीश यादव की प्रमुख भूमिका रही। ग्रामीण भक्तों ने कथा श्रवण के माध्यम से भगवान की भक्ति और शक्ति का गहन अनुभव किया।