Etah News अलीगंज में एंटी नार्कोटिक्स की बड़ी कार्रवाई
एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में आगरा एंटी नार्कोटिक्स टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी है। नगला बनी स्थित गोदाम से 47 पेटी नकली कोडीन सिरप बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
बद्दी की कंपनी के नाम से बना नकली सिरप
बरामद सिरप हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित ‘विंग्स’ कंपनी के नाम से बनाया गया है। जांच में सिरप के रैपर पर मौजूद बैच नंबर मिटे हुए पाए गए हैं, जिससे इसके नकली होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पूरी खेप को सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चार आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा
पुलिस ने जितेंद्र यादव, जितेंद्र शाक्य, प्रमोद शाक्य और रिटायर्ड फौजी पंजाब सिंह को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े तार
नार्कोटिक्स विभाग को आशंका है कि यह खेप बनारस के दवा कारोबारी शुभम जायसवाल से जुड़े नेटवर्क की है, जिसके तार अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े बताए जा रहे हैं। शुभम जायसवाल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।
कई राज्यों में फैला नकली कफ सिरप नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि नकली कोडीन सिरप का यह नेटवर्क उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है। मामले के बाद यूपी की राजनीति भी गरमा गई है।
इन अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई
यह कार्रवाई नार्कोटिक्स सीओ उमेश पवार, अलीगंज सीओ नीतीश गर्ग और नार्कोटिक्स इंस्पेक्टर हरविंद्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम में आगरा एंटी नार्कोटिक्स के कई अधिकारी और अलीगंज थाना पुलिस शामिल रही।
पूरे नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा
पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।