PHM NEWS

Aliganj News: दाखिल-खारिज लंबित,

प्रकाशित: 17 Jan 2026

एटा जनपद की अलीगंज तहसील में दाखिल-खारिज सहित अन्य राजस्व कार्यों के लंबे समय से लंबित होने से आमजन और वादकारियों को हो रही परेशानियों को लेकर अलीगंज बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए दो दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह शाक्य के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के संबंध में सचिव वेद प्रकाश यादव ने बताया कि तहसील में दाखिल-खारिज के अविवादित मामलों में महीनों से आदेश लंबित हैं। इसके अलावा विवादित विरासत दर्ज करने और संशोधन संबंधी कार्य भी ठप पड़े हुए हैं।

उन्होंने बताया कि दाखिल-खारिज के आदेश कंप्यूटर में फीड न होने के कारण वादकारियों के नाम सरकारी अभिलेखों में दर्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, पत्रावलियां समय पर उपलब्ध न कराए जाने से अधिवक्ताओं और वादकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।

जिलाधिकारी ने ज्ञापन में उल्लिखित सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक सुना और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आगामी दो दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार दिखाई देगा।

इस अवसर पर बीके अवस्थी, अमरीश सिंह राठौड़, चंद्रपाल यादव, अरविंद वर्मा, पुष्पेंद्र यादव, आनंद शाक्य, कमलेश राकेश विक्रम सिंह, केपी सिंह यादव, अरुण कश्यप, नरेश चंद कश्यप,महेंद्र पाल कश्यप सहित अन्  अन्धियवक्ता मौजूद रहे।