अलीगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / एटा
🚨 Breaking News | एटा

एटा मे खौलते पानी में गिरा ढाई साल का मासूम, : मौत से गांव में मातम

एटा | 03-Nov-2025 07:14 AM | 343 |
एटा
मौत से गांव में मातम

एटा। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के बिजौली गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसने सभी को दहला दिया। घर के अंदर खेलते समय ढाई वर्षीय मासूम की खौलते पानी में गिरने से मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम छा गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान आयुष (2.5 वर्ष) पुत्र मुकेश निवासी बिजौली के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार दोपहर बच्चे की मां घर में रॉड से पानी गर्म कर बाल्टी में रखे हुए थी। बाल्टी को उसने बेड के पास रखा था। उसी दौरान खेलते हुए छोटा आयुष बेड से फिसल गया और सीधे खौलते पानी की बाल्टी में जा गिरा।

अचानक हुई इस घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। बच्चे को झुलसा देख परिजन घबरा गए और तुरंत उसे वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज, एटा लेकर पहुंचे। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

मासूम आयुष की मौत से पूरे परिवार में मातम पसर गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता मुकेश भी सदमे में हैं। घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण भी एकत्र हो गए और परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश करने लगे। बताया गया कि परिजनों ने गम की हालत में पोस्टमॉर्टम कराए बिना ही बच्चे का शव घर ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर सबक है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.