एटा मे शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन पर आयोजित साप्ताहिक परेड निरीक्षण
एटा। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजकुमार सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से उनकी सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों के टर्नआउट की जांच की और सभी को ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी में रहकर जनता से मधुर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। परेड में अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल भी कराई गई।
एएसपी राजकुमार सिंह ने पीआरवी-112 वाहनों का निरीक्षण करते हुए लाइट, हूटर और पीए सिस्टम की जांच की। उन्होंने वाहनों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण और सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को रिस्पॉन्स टाइम बेहतर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एएसपी ने मेस, कैंटीन, बैरक और पुलिस आवासीय परिसर का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से बातचीत कर उनकी मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली तथा समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
परेड के दौरान क्षेत्राधिकारी सकीट सुश्री कीर्तिका सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रशिक्षु अवनीश कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक किशनलाल गौतम सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।