एटा: राजा का रामपुर थाना क्षेत्र में एक और पुलिसकर्मी निलंबित।
एटा जनपद के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अंगदपुर में हुई घटना के संबंध में एक और पुलिसकर्मी पर कार्रवाई हुई है। एटा के एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने आरक्षी राहुल चौधरी को लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मंगलवार को घटना से संबंधित एक नया वीडियो सामने आने के बाद की गई।इससे पहले, 21 अक्टूबर 2025 की रात हुई इस घटना के बाद थाना प्रभारी मुकेश तोमर, दो दरोगा और चार सिपाहियों सहित कुल सात पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया था।नए वीडियो फुटेज में सिपाही राहुल चौधरी घटना स्थल पर स्पष्ट रूप से मौजूद दिखाई दे रहे हैं। पहले जारी किए गए वीडियो में उनकी मौजूदगी का कोई साक्ष्य नहीं था, जिसके कारण उन्हें निलंबन की कार्रवाई से बाहर रखा गया था।नए वीडियो के आधार पर राहुल चौधरी की संलिप्तता सामने आने के बाद एसएसपी ने यह कदम उठाया। इस निलंबन के साथ, राजा का रामपुर थाना में एक सप्ताह के भीतर कुल आठ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।