एटा में भरापुरा तिराहे पर तीन दुकानों में चोरी
Etah के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव भरापुरा तिराहे पर सोमवार रात चोरों ने कूमिल लगाकर तीन दुकानों को निशाना बनाया। बदमाश दुकान के ऊपर बने जीने की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये की नगदी व सामान चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
भरापुरा तिराहे स्थित बालाजी ट्रेडर्स से चोरों ने गल्ले का ताला तोड़कर करीब 25 हजार रुपये पार कर दिए। इसके बाद पवन ट्रेडर्स की दुकान में घुसकर गुल्लक तोड़ते हुए लगभग एक लाख रुपये नगद चोरी कर लिए। वहीं नीरज ट्रेडर्स से करीब 45 हजार रुपये नगद, एक कांटा, दो मोबाइल चार्जर समेत अन्य सामान ले गए। जाते-जाते चोरों ने सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया।
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जब व्यापारी अपनी दुकानों पर पहुंचे तो जीने की दीवार टूटी मिली और गुल्लक से नगदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित व्यापारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
व्यापारियों का कहना है कि चोर पहले बालाजी ट्रेडर्स में दीवार काटकर घुसे, फिर क्रमवार अन्य दुकानों को निशाना बनाया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।