PHM NEWS

एटा जवाहर तापीय परियोजना में मजदूरों की हड़ताल

प्रकाशित: 15 Nov 2025

एटा जनपद के मलावन थाना क्षेत्र स्थित जवाहर तापीय परियोजना में कार्यरत सैकड़ों मजदूरों ने पांच माह से मजदूरी का भुगतान न होने के कारण हड़ताल कर दी। मजदूरों ने कंपनी के अधिकारियों पर भुगतान में टालमटोल का आरोप लगाया है।

मजदूरों का कहना है कि मजदूरी न मिलने से उनके बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण में संकट खड़ा हो गया है। किराने की दुकानों पर भी उधार मिलना बंद हो गया है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
ये सभी मजदूर कोरियाई कंपनी दूसान के अधीन कार्यरत एन एस, सत्यम और डायनामिक जैसी कंपनियों के लिए काम करते हैं। दूसान कंपनी जवाहर तापीय पावर प्लांट का निर्माण कार्य करा रही है, जिसकी एक यूनिट का शुभारंभ हो चुका है और शेष कार्य प्रगति पर है।

हड़ताल करने वाले मजदूरों ने बताया कि उन्होंने दूसान कंपनी के अधिकारियों से भी शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि संबंधित कंपनियां भुगतान न करने के लिए एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रही हैं, जिसके बाद उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

इस मामले पर मलावन थाना प्रभारी रोहित राठी ने पुष्टि की कि मजदूरों ने मजदूरी न मिलने के कारण कार्य बहिष्कार किया था। हालांकि, दूसान कंपनी के अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद मजदूर वापस काम पर लौट गए हैं।