एटा के अलीगंज में बाग में फंदे से लटका मिला युवक का शव
एटा जिले के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र की नई बस्ती में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर से करीब 200 मीटर दूर बिरियों के बाग में गमछे के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय सरवन पुत्र रामप्रसाद निवासी नई बस्ती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सरवन बेरियां रखने का काम करता था। शनिवार सुबह उसका शव बिरियों के बाग में फंदे से लटका मिला।
मृतक के भाई अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें भूरेलाल का फोन आया, जिसने सरवन के फंदे पर लटके होने की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव को देखा।
परिजनों के अनुसार, एक दिन पहले पड़ोस के एक युवक ने सरवन पर रुपए चोरी करने का आरोप लगाया था। इसी आरोप के चलते उसे अलीगढ़ में एक बाबा के पास भी ले जाया गया, जहां उस पर करीब डेढ़ लाख रुपए चोरी करने का आरोप लगाया गया। इस घटना के बाद से सरवन काफी मानसिक तनाव में था।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।