एटा में छत से गिरने से युवक की मौत
एटा। नया गांव थाना क्षेत्र के नगला तारा निवासी 26 वर्षीय युवक ओमवीर की एक माह तक चले उपचार के बाद मृत्यु हो गई। लगभग एक महीने पूर्व वह अपने घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चलता रहा।
परिजनों के अनुसार, ओमवीर को एक दिन पूर्व ही दिल्ली से घर लाया गया था। घर पहुंचने के बाद उसकी स्थिति अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। युवक की मृत्यु की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर नया गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के चाचा जमादार ने बताया कि ओमवीर की स्थिति शुरू से ही गंभीर बनी हुई थी। वहीं थाना प्रभारी अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।