PHM NEWS

एटा में नहर में उतराता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

प्रकाशित: 17 Dec 2025

एटा। जनपद एटा के मारहरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब त्रिलोकपुर गांव के पास नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिला। शव दिखाई देने पर राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मारहरा थाना प्रभारी केके लोधी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शव कहीं और से बहकर आया है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाल रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।