एटा में पुलिस फिटनेस मूल्यांकन
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) एटा श्वेताभ पाण्डेय ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड की सलामी ली और उसका निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई। एएसपी ने परेड में शामिल सभी पुलिसकर्मियों के टर्नआउट की जांच की। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान उच्च गुणवत्ता वाली निर्धारित वर्दी पहनने और जनता के साथ मधुर व्यवहार स्थापित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद, अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल भी कराई गई। परेड के दौरान, अपर पुलिस अधीक्षक ने पीआरवी-112 के वाहनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक वाहन की लाइट, हूटर और पीए सिस्टम की गहनता से जांच की। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से वाहनों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण और सुरक्षा उपकरणों के संबंध में जानकारी ली गई तथा उनकी चेकिंग की गई। रिस्पॉन्स टाइम सही रखने के लिए सख्त हिदायत दी गई।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने मेस, कैंटीन, बैरक, पुलिस आवासीय परिसर और रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण के मद्देनजर रिजर्व पुलिस लाइन एटा का निरीक्षण किया। परिसर की समग्र व्यवस्था, बैरक और साफ-सफाई का जायजा लिया गया। उन्होंने आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से बातचीत कर उनकी मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।