एटा में पुरानी रंजिश में मारपीट और फायरिंग का आरोप
एटा जनपद के थाना जसरथपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 31 दिसंबर की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जिसमें एक परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किए जाने का आरोप है।
पीड़ित अमित पुत्र मुनेश कुमार निवासी ग्राम विजलई ने बताया कि वह लेंटर की शटरिंग का काम करता है। गांव में कुछ लोग बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय करते हैं, जिनकी दुकान अमित की दुकान के पास है। पहले भी बिल्डिंग मटेरियल खरीदने को लेकर दोनों पक्षों में कई बार कहासुनी हो चुकी थी, जिसे लेकर आरोपी रंजिश मानते थे।
आरोप है कि 31 दिसंबर की रात जब अमित अपने मजदूरों को लेकर जा रहा था, तभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके भाई कुलदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुलदीप की चीख-पुकार सुनकर उनके चाचा अवधेश बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में कुलदीप और अवधेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों में से एक ने अपने पिता की लाइसेंसी राइफल से जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, हालांकि अमित और कुलदीप बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष (अमित, कुलदीप, कृष्णवीर और अवधेश) ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवधेश को थाने ले जाकर बाद में अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनका चिकित्सीय परीक्षण किया।
पीड़ित अमित ने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने बताया कि पीड़ित के शिकायती पत्र के आधार पर थाना जसरथपुर को जांच व आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, थाना प्रभारी जसरथपुर विजय सिंह का कहना है कि पीड़ित द्वारा थाने पर अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।