PHM NEWS

एटा में युवक को गोली मारी | घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती,

प्रकाशित: 13 Nov 2025

एटा। जिले के बागवाला थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल को गंभीर हालत में वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना नगला रंजीत के समीप हुई। ग्राम फगनौल निवासी 38 वर्षीय सुनील पुत्र रविंद्र पांडे एटा से कोर्ट की तारीख कर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में धूमरी पुल के पास बाइक सवार तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। जब उन्होंने भागने की कोशिश की तो हमलावरों ने गोली चला दी, जो उनके पैर में लगी।

घायल सुनील ने धीरज कुमार सहित तीन लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। बताया कि उन्होंने इन लोगों को 95 हजार रुपये उधार दिए थे, जिसे लौटाने को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में उन्होंने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।