PHM NEWS

अलीगंज में नाला निर्माण को लेकर तनाव

प्रकाशित: 02 Feb 2026

एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मितौलिया गांव में नाला निर्माण को लेकर हुआ विवाद सोमवार को हिंसक रूप ले बैठा। निर्माण कार्य का विरोध कर रहे कुछ ग्रामीणों ने मजदूरों पर ईंट-पत्थरों से पथराव कर दिया, जिसमें दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति छत पर चढ़कर मजदूरों पर ईंट-पत्थर बरसाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। हमले के दौरान मजदूर अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। इसके बाद उपद्रवियों ने नाला निर्माण के लिए लाई गई सामग्री में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

कार्यदाई संस्था के सुपरवाइजर चंद्र चूर्ण सिंह ने बताया कि अलीगंज-कांपिल्य मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के तहत नाली निर्माण एवं सड़क रखरखाव का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने अचानक विरोध शुरू कर दिया और मजदूरों पर पथराव कर दिया, जिससे दो मजदूर घायल हो गए।

घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही हमलावर फरार हो गए। घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह निर्माण कार्य जयपुर हाउस, आगरा की एक कार्यदाई संस्था द्वारा PWD विभाग के लिए कराया जा रहा है।

थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घटना की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।