अलीगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / एटा
🚨 Breaking News | एटा

मारहरा CHC पर लगा मानसिक स्वास्थ्य शिविर : 317 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

एटा | 22-Nov-2025 06:35 AM | 343 |
एटा
317 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जनपद एटा। मारहरा कस्बे में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर मंगलवार को राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और क्षेत्र में आवश्यक चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराना रहा।

शिविर का उद्घाटन भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश राजपूत और चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविरंजन यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलग-अलग स्टॉलों के माध्यम से लोगों की जांच व उपचार कार्य प्रारंभ किया। बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों ने शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

स्वास्थ्य शिविर में कुल 317 लोगों का पंजीकरण कर परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का परीक्षण किया और आवश्यक परामर्श के साथ दवाइयां वितरित कीं। इसके अलावा टीबी स्क्रीनिंग, मलेरिया व डेंगू जांच, नेत्र परीक्षण, नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन काउंसलिंग, तंबाकू प्रकोष्ठ परामर्श, आयुष्मान कार्ड बनवाने जैसी सेवाएँ भी उपलब्ध कराई गईं।

चिकित्सकों ने लोगों को मानसिक तनाव से बचने, नियमित व्यायाम करने, नशे से दूर रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहने की सलाह दी। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि मानसिक रोगों को समय पर पहचानकर उनका उपचार किया जाए तो व्यक्ति एक स्वस्थ और सामान्य जीवन व्यतीत कर सकता है।

कार्यक्रम में चिकित्सा टीम की ओर से लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। शिविर में योगेश कुमार, अरविंद, डॉ. सर्वोदय, डॉ. निलोफर, विजेंद्र कुमार वर्मा (एलटी), सुधीर कुमार, मुकेश कुमार और अनुराधा सहित कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने इस प्रकार के शिविरों को क्षेत्र की महत्वपूर्ण जरूरत बताते हुए भविष्य में भी ऐसी स्वास्थ्य सेवाएँ जारी रखने की मांग की।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.