एटा: प्रधान प्रतिनिधि सत्यदेव पर हमला
एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के भट्टमई गांव में प्रधान प्रतिनिधि सत्यदेव पर कुछ नामजद लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल सत्यदेव को एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भट्टमई निवासी 38 वर्षीय सत्यदेव पुत्र रामसनेही मोटरसाइकिल से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल सत्यदेव ने पुलिस को बताया कि हमले में नेमसिंह, मुरारीलाल, प्रेमलता और मोरमन शामिल थे। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपियों से उनका कोई पुराना विवाद या रंजिश नहीं है।
बागवाला थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।