एटा प्रशासन का अवैध खनन पर बड़ा एक्शन
एटा जिले में अवैध खनन के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत प्रशासन ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। हसायन रोड स्थित रमपुरा गांव में अवैध खनन करते हुए एक लोडर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई। दोनों वाहनों को जब्त कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व तहसीलदार संदीप सिंह और नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल ने किया। अधिकारियों को रमपुरा जैनपुरा क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। सूचना के बाद गुरुवार सुबह करीब 5 बजे राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ अचानक छापेमारी की गई।
तहसील क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की गतिविधियाँ जारी थीं, जिस पर पूर्ण रूप से नियंत्रण नहीं पा रहा था। प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद कुछ स्थानों पर खनन माफिया सक्रिय थे। आज की कार्रवाई को उन्हीं प्रयासों का हिस्सा बताया जा रहा है।
तहसीलदार संदीप सिंह ने कहा कि जब्त किए गए वाहनों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी गई है। आगे जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।