एटा: सांड के हमले से किसान की मौत
एटा जिले के मारहरा थाना क्षेत्र के नगला पर्सी गांव में आवारा गोवंश के हमले से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब व्यक्ति अपने खेत में काम कर रहा था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नगला पर्सी निवासी वीरेंद्र पुत्र रामस्वरूप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने घायल वीरेंद्र को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसर गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के भाई तालेवर सिंह बघेल ने बताया कि वीरेंद्र खेत पर काम करने गए थे, तभी सांड ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मारहरा थाना प्रभारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि अधेड़ व्यक्ति को आवारा सांड ने घायल किया था और इलाज के दौरान उनकी मौत हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।