एटा
मिरहची कस्बे के मुख्य चौराहे पर रविवार को एक ट्रक की टक्कर से विशालकाय हाईमास्क पोल टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही नगर पंचायत कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
यह घटना रविवार को तब हुई जब एटा की ओर से आ रहा एक सामान से लदा अनियंत्रित ट्रक मिरहची चौराहे पर डिवाइडर के सामने लगे लगभग 50 फीट ऊंचे हाईमास्क पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल टूटकर सड़क पर आ गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही नगर पंचायत के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी की मदद से गिरे हुए पोल को सड़क से हटवाया, जिससे बाधित हुआ यातायात फिर से सुचारु हो सका। इसके साथ ही, नगर की बाधित हुई विद्युत व्यवस्था को भी बहाल किया गया।
नगर पंचायत कार्यालय में कार्यरत टीसी लिपिक विशेष कुमार ने बताया कि हाईमास्क पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रक को पकड़ लिया गया है। ट्रक को मिरहची थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है और उसे नुकसान की भरपाई करने के बाद ही छोड़ा जाएगा।