PHM NEWS

एटा: हिमांशु चौहान का विजय हजारे ट्रॉफी के लिए चयन

प्रकाशित: 22 Dec 2025

एटा जनपद के जैथरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खिरिया खबा निवासी ग्राम प्रधान बंटी चौहान के पुत्र हिमांशु चौहान का बीसीसीआई द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित विजय हजारे ट्रॉफी के लिए चयन हुआ है। हिमांशु की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और अलीगंज विधानसभा क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

हिमांशु चौहान ने अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में स्थान हासिल किया है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश के बड़े क्रिकेट मंच तक पहुंचना यह सिद्ध करता है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती।

हिमांशु का चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि जैथरा विकासखंड सहित आसपास के युवाओं के लिए खेल को करियर के रूप में अपनाने की प्रेरणा भी है। इस अवसर पर उनके पिता ने अरुणाचल क्रिकेट एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निष्पक्ष चयन प्रक्रिया और निरंतर मार्गदर्शन से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला।

क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने हिमांशु चौहान को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि हिमांशु ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे अलीगंज विधानसभा क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ग्रामीण प्रतिभाओं की क्षमता का प्रमाण है और इससे क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। विधायक ने हिमांशु के उज्जवल भविष्य और उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना करते हुए कहा कि अलीगंज को ऐसे होनहार खिलाड़ियों पर गर्व  है।