PHM NEWS

पूर्व BJP विधायक ममतेश शाक्य को मिली जान से मारने की धमकी

प्रकाशित: 17 Nov 2025

एटा में पूर्व भाजपा विधायक ममतेश शाक्य को जान से मारने की धमकी मिली है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के करीबी शाक्य ने एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्याम नारायण सिंह से लिखित शिकायत की है।

शिकायत मिलने के बाद, एसएसपी ने तुरंत पुलिस की टीमें गठित की हैं। पुलिस धमकी देने वाले आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

ममतेश शाक्य ने बताया कि उन्हें यह धमकी तब मिली जब वे परिवार के साथ एक शादी समारोह में जा रहे थे। उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया, जिस पर फोन करने वाले ने अभद्र गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। धमकी देने वाले ने शाक्य से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ रहना छोड़ने को भी कहा।

शाक्य के अनुसार, जब उन्होंने बार-बार आ रहे फोन को काटा, तो धमकी देने वाले ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया। उसने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ उनकी एक तस्वीर वॉट्सऐप पर साझा की और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दोबारा धमकाया।
ममतेश शाक्य ने आरोप लगाया है कि यह धमकी बिहार चुनाव में एनडीए गठबंधन की जीत से बौखलाहट का परिणाम है। उन्होंने बताया कि वह पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर 15 से 20 दिनों के लिए बिहार में चुनाव प्रचार के लिए गए थे।

ममतेश शाक्य का राजनीतिक सफर 2007 में सोरों विधानसभा से शुरू हुआ, जहां से वे पहली बार विधायक चुने गए। 2012 में उन्होंने बसपा के टिकट पर अमानपुर विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया।

2016 में भाजपा में शामिल होने के बाद, वे पटियाली विधानसभा से विधायक बने। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पटियाली से सपा उम्मीदवार नादिरा सुल्तान ने हरा दिया था।