राजा का रामपुर थाना क्षेत्र मे कैला गांव में जमीनी विवाद .
एटा। राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के कैला गांव में रविवार को जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए और मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कैला गांव निवासी एक ही परिवार के सदस्यों के बीच पांच विशे जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। रविवार को जब दोनों पक्ष आमने-सामने हुए तो कहासुनी बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गई। इस दौरान हुई मारपीट में यशवंत सिंह और जय सिंह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजा का रामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह शांत कराया। पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें एक्स-रे और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत दी। एक पक्ष से सचिन ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जबकि दूसरे पक्ष से यशवंत सिंह ने दो लोगों पर आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं।
थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामला पारिवारिक बंटवारे से जुड़ा है। जमीन को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने दोनों की तहरीर के आधार पर कुल छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।