खेत में आलू भरते समय कोबरा ने काटा
एटा जिले के नयागांव थाना क्षेत्र में सर्पदंश से 50 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु हो गई। नगला बरी गांव निवासी सुग्रीव पुत्र खरगजीत को गुरुवार देर शाम खेत में आलू की फसल भरते समय कोबरा सांप ने काट लिया था। उपचार के दौरान फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में उनकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, सुग्रीव अपने खेत में आलू की फसल भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कोबरा सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों ने तत्काल सुग्रीव को फर्रुखाबाद स्थित लोहिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने दम तोड़ दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
मृत्यु के बाद परिजन सुग्रीव के शव को वापस एटा ले आए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक के भाई श्यामवीर सिंह ने बताया कि सुग्रीव
आलू की फसल में पानी भर रहे थे, तभी उन्हें सांप ने काट लिया। नयागांव थाना प्रभारी अनिल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गुरुवार देर शाम खेत में आलू भरते समय एक व्यक्ति को सांप ने काटा था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।