PHM NEWS

अमर यादव की मौत से परिवार के ऊपर टूटा विपत्ति का पहाड़

प्रकाशित: 03 Sep 2025

महराजगंज। सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मोहनापुर में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब 30 वर्षीय युवक का शव उसके घर के पास ही संदिग्ध हालत में मिला। मृत युवक की पहचान अमर यादव पुत्र संत यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, अमर यादव सोमवार रात करीब 11 बजे परिजनों और पत्नी को शौच जाने की बात कहकर घर से निकला। इसके कुछ देर बाद उसने डायल 112 पर फोन कर बताया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को इस बारे में जानकारी देते हुए उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक युवक का पता नहीं चल सका।

कुछ घंटों बाद करीब दो बजे रात में अमर यादव का शव उसके घर के पास ही मृत अवस्था में मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

इधर, मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले अमर यादव का उक्त व्यक्ति से विवाद हुआ था और उसने अमर को जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों ने स्पष्ट तौर पर हत्या की आशंका जताई है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सिन्दुरिया सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मामले की जानकारी होते ही मंगलवार सुबह पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मृतक के घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।