PHM NEWS

12 वर्षीय मासूम बच्चे का नहर में मिला शव

प्रकाशित: 29 Aug 2025

महराजगंज। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के चिउरहा वार्ड निवासी गणेश चौधरी का 12 वर्षीय पुत्र हिमांशु चौधरी गुरुवार देर रात दुबौली नहर में मृत अवस्था में मिला। शव मिलने की खबर से गांव में मातम छा गया। शुक्रवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर महाराजगंज–फरेंदा एनएच-730 को कई घंटों तक जाम कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते बच्चे की जान गई। उन्होंने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी, उनके मकान ध्वस्त करने और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।

परिवार ने बताया कि हिमांशु 24 अगस्त की शाम से लापता था। अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर भी दी गई थी, लेकिन पुलिस की लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार देर रात शव मिलने के बाद परिजन बेसुध हो गए।

घटनास्थल पर एएसपी सिद्धार्थ, सीओ सदर जयप्रकाश त्रिपाठी, तहसीलदार पंकज शाही समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत से ही गंभीरता नहीं दिखाई और संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ नहीं की। वहीं सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी।