महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित समाधान का दिया आश्वासन लाभार्थियों में प्रमाण पत्र किया वितरित : पनियरा के रजौड़ा पंजुम गांव में सड़क, बिजली, पानी, पेंशन व आवास से जुड़े मुद्दे उठे

महराजगंज | 14-Dec-2025 07:58 AM | 234 |
महराजगंज
पनियरा के रजौड़ा पंजुम गांव में सड़क, बिजली, पानी, पेंशन व आवास से जुड़े मुद्दे उठे

महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को पनियरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजौड़ा पंजुम में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान सड़क, बिजली, पानी, पेंशन, आवास, रोजगार सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दे सामने आए। जिलाधिकारी ने अधिकांश समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक दोनों प्रकार की समस्याएं उठाईं। चंद्रशेखर ने गांव के व्यायामशाला के लिए जिम किट उपलब्ध कराने की मांग रखी, जबकि विनोद ने पनियरा–बेलटीकरा मार्ग की मरम्मत की आवश्यकता बताई। ग्रामीणों ने बताया कि नहर कागजों में तो मौजूद है, लेकिन उसमें पानी नहीं आता। इस पर ट्यूबवेल लगवाने की भी मांग की गई। 

वहीं विकलाल ने गांव में आवारा पशुओं की समस्या से अवगत कराया। चौपाल में बेचना देवी रसोइया ने मानदेय बढ़ाने की मांग की, जबकि कलमा देवी ने वृद्धा पेंशन न मिलने की शिकायत की। मोलई ने खसरा-खतौनी में गलत नाम दर्ज होने की समस्या बताई। कृष्ण मुरारी यादव ने बताया कि पिछले छह माह से विद्युत पोल टूटा होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है। माधवी सिंह ने आवास और रोजगार से जुड़ी समस्या रखी। प्रियंका देवी ने मकान और शौचालय की मांग की, जबकि अंजुम आयरा ने घर तक पहुंचने वाले रास्ते की समस्या सामने रखी। जसवीर कुमार ने बिजली आपूर्ति सुधारने और हाई मास्क लाइट लगवाने की मांग की।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के संबंध में भी जानकारी ली और फार्म जमा होने की स्थिति पूछी। ग्रामीणों ने बताया कि यह कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। डीएम ने आवारा पशुओं की समस्या को जनहित का विषय बताते हुए उसके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को पेंशन का लाभ अवश्य मिलेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना में तकनीकी जांच के आधार पर पात्रता तय की जाती है। जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को गांव में कैंप लगाकर खसरा-खतौनी से जुड़ी त्रुटियों को ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लेखपाल, सचिव, आशा, आंगनबाड़ी और सफाई कर्मियों की उपस्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सरोज सिंह, बीडीओ राहुल सागर, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक कश्यप, सीडीपीओ दीनानाथ द्विवेदी, खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.