महराजगंज: ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटा, चालक गंभीर रूप से घायल
महराजगंज।
सिन्दुरियां-सिसवा मार्ग पर शुक्रवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए चालक को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल महाराजगंज भेजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतलापुर निवासी नित्यानंद मिश्रा पुत्र बंगाली लाल मिश्रा शाम करीब पांच बजे ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह पकड़ियार बुजुर्ग के पास पहुंचे, तभी वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ई-रिक्शा गड्ढे में पलट गया।
इस दुर्घटना में चालक का बायां पैर टूट गया। घटना की सूचना एंबुलेंस सेवा 108 और पुलिस हेल्पलाइन 112 को दी गई। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर आवागमन को सामान्य कराने में सहयोग किया।