PHM NEWS

सिन्दुरियां में गेहूं की फसल जलमग्न होने पर किसानों में आक्रोश

प्रकाशित: 12 Jan 2026

महराजगंज  - विकास खंड मिठौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंदुरिया में बलिया नाला के उफान से किसानों की सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल जलमग्न हो गई है। फसल को हुए भारी नुकसान से क्षेत्र के किसान गहरे संकट में हैं। समय पर नाला सफाई न होने के कारण उत्पन्न इस समस्या को लेकर किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से शीघ्र क्षतिपूर्ति की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सिंदुरिया के पश्चिम तरफ से होकर गुजरने वाला बलिया नाला लंबे समय से उपेक्षित है। नाले की नियमित सफाई न होने के कारण उसमें मिट्टी, झाड़ियां और कचरा जमा हो गया है, जिससे पानी का बहाव पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। हाल ही में पानी आने से नाले में जमा पानी के उफान के चलते जलस्तर बढ़ गया और पानी इधर उधर दोनों तरफ खेतों में भर गया।  किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल तैयार अवस्था में थी। खेतों में पानी भरने से फसल सड़ने लगी है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। कई किसानों की आजीविका पूरी तरह इसी फसल पर निर्भर है और नुकसान की भरपाई न होने पर उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो सकता है। रविवार को ग्राम सिंदुरिया के किसानों ने विजय यादव के नेतृत्व में जलमग्न गेहूं की फसल के नुकसान की क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर आंदोलन किया। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते बलिया नाला की सफाई कराई जाती, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। किसानों ने मांग किया है कि राजस्व  विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर फसल क्षति का आकलन किया जाए और प्रभावित किसानों को शीघ्र क्षतिपूर्ति प्रदान की जाए। आंदोलन में शामिल किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। इस अवसर पर विजय यादव,रामकृपाल, संदीप चौधरी, दुर्गेश शर्मा, पन्ने लाल कुशवाहा, बृजेश, कृष्ण चंद, रामकिशुन, गोविंद गुप्ता, राम प्रसाद, इब्राहिम, शमसुद्दीन, शहाबुद्दीन, कुसुमावती, रामनारायण, सदरे आलम, गीत हरि यादव, उमेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे।