ग्राम चौपाल में पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक
महराजगंज। सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर कला में रविवार को चिउटहां पुलिस चौकी द्वारा ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों को कानून, महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और सामाजिक जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिउटहां पुलिस चौकी प्रभारी सारिका सिंह ने की। ग्राम चौपाल के दौरान चौकी प्रभारी सारिका सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ या अन्याय की स्थिति में महिलाएं बिना किसी भय या संकोच के सीधे पुलिस से संपर्क करें। कानून महिलाओं के साथ है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार और पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और बताया कि आपात स्थिति में तत्काल सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है। साथ ही साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए उन्होंने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया पर होने वाले अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। चौपाल के दौरान सारिका सिंह ने यह भी कहा कि समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने, किसी भी विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। ग्राम चौपाल में चिउटहां पुलिस चौकी पर पहली बार किसी महिला प्रभारी को सामने से देखकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। खासकर महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं और कानून से जुड़े सवाल पूछे। पुलिस अधिकारियों द्वारा उनके सवालों का सरल और स्पष्ट भाषा में जवाब दिया गया, जिससे महिलाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ी। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि बृजेश गुप्ता, रफीक अली, मुन्नी, मुर्तजा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस विभाग की ओर से उप निरीक्षक सुनील यादव, हेड कांस्टेबल रवि प्रकाश, हेड कांस्टेबल धनंजय खरवार एवं अभिषेक यादव भी मौजूद रहे और उन्होंने भी ग्रामीणों को कानून से जुड़ी जानकारी दी।