महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

ग्राम रोजगार सेवकों का कलम बंद हड़ताल : प्रतिनिधि मंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से की मुलाकात

महराजगंज | 20-Apr-2026 08:26 PM | 234 |
महराजगंज
प्रतिनिधि मंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से की मुलाकात

 

महराजगंज। जनपद सहित पूरे उत्तर प्रदेश में ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याएं लगातार गंभीर होती जा रही हैं। बकाया मानदेय को लेकर आक्रोशित ग्राम रोजगार सेवकों ने सोमवार को अपनी आवाज बुलंद की। इसी क्रम में ग्राम रोजगार सेवक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से उनके आवास पर मिला और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ग्राम रोजगार सेवकों को मात्र ₹7788 प्रतिमाह मानदेय मिलता है, जो कि अगस्त 2025 से अब तक लगभग आठ माह से लंबित है। सेवकों का कहना है कि वे निरंतर मनरेगा के तहत कार्य करने के साथ-साथ एस आई आर 2025-26, फार्मर रजिस्ट्री, एग्री स्टैक, आवास सहित सरकार की अन्य योजनाओं को ग्राम पंचायत स्तर पर सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिलना उनके साथ अन्याय है। मानदेय न मिलने से उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। दैनिक खर्च चलाना मुश्किल हो गया है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और त्योहारी सीजन में भी वे आर्थिक तंगी से उबर नहीं सके।  ग्राम रोजगार सेवकों ने कहा कि लगातार कार्य कराने के बावजूद भुगतान न होना उनकी मेहनत का अपमान है। ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा। उन्होंने आठ माह का बकाया मानदेय तत्काल जारी करने, बढ़ती महंगाई को देखते हुए मानदेय ₹35,000 प्रतिमाह करने, अलग से बजट की व्यवस्था करने तथा 4 अक्टूबर 2021 को लखनऊ में घोषित एचआर पॉलिसी लागू करने की मांग की। इसके साथ ही ग्राम रोजगार सेवकों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने और संविदा कर्मियों को उनकी वरिष्ठता के आधार पर स्थायी करने की भी मांग उठाई गई। डिजिटल कार्यों के बढ़ते दबाव को देखते हुए उच्च गुणवत्ता के मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई। इस दौरान सांसद पंकज चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि 5 अप्रैल को दिया गया ज्ञापन शासन को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामला वित्तीय एवं नीतिगत होने के कारण कुछ विलंब हो रहा है, लेकिन सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री स्तर पर जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा और वे इस मुद्दे को पार्टी स्तर पर भी उठाएंगे।इस दौरान इंद्रमणि विश्वकर्मा, घनश्याम कन्नौजिया, इंद्रविजय यादव, संतोष गुप्ता, सर्वेश कुमार मद्धेशिया, धर्मेंद्र पासवान, अनिल कुमार, अंजनी कुमार और दयानंद पटेल सहित तमाम ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.