PHM NEWS

महराजगंज

प्रकाशित: 03 Oct 2025

महराजगंज। दशहरा पर्व के जश्न के बीच गुरुवार की शाम मातम छा गया, जब चौक थाना क्षेत्र के झुंगवा गांव में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक लोग करंट से झुलस गए।

सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीण प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाल रहे थे। इस दौरान प्रतिमा ले जाती ट्रॉली अचानक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से टकरा गई। देखते ही देखते करंट पूरे ट्रॉली में फैल गया और आसपास मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

घायलों की पहचान

  • इंद्रासन (65)

  • स्वीना (6)

  • दिव्या (10)

  • महिमा (14)

  • अंशिका (12)

  • रामवती (55)

  • अखिलेश (30)

ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इनमें से इंद्रासन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

सीएमएस ए.के. द्विवेदी ने बताया कि सभी मरीजों को समय पर उपचार दिया जा रहा है और बाकी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। गोरखपुर रेफर किए गए मरीज की स्थिति भी अब स्थिर बताई जा रही है।

इस हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग और प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि विसर्जन मार्ग पर लटकते तार हादसों को न्यौता देते हैं, लेकिन उनकी मरम्मत और देखरेख समय पर नहीं की जाती। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम और पुख्ता व्यवस्था की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।