नौतनवां तहसील क्षेत्र में भीषण आग, 10 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख
महराजगंज -जिले के नौतनवां तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर के टोला पंडितपुर सिवान में बृहस्पतिवार को भीषण आग लगने से दर्जनों किसानों की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में लगभग 10 एकड़ से अधिक खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है तेज हवा चलने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते आसपास के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे आग और ज्यादा फैल गई और नुकसान बढ़ गया। आग का विकराल रूप देख ग्रामीण खुद आग बुझाने में जुट गए। झाड़-झंखाड़, बाल्टी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए कई घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों के प्रयासों से आग को आसपास के अन्य खेतों में फैलने से रोका जा सका, अन्यथा नुकसान और भी अधिक हो सकता था। आगजनी की घटना के बाद प्रभावित किसानों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर पहुंच जाता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। तहसील प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लगभग 10 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल के जलने का अनुमान है। राजस्व विभाग की टीम द्वारा प्रभावित किसानों की सूची तैयार कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से पीड़ित किसानों को हर संभव सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है। वहीं ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जर्जर बिजली तारों की मरम्मत कराने और आपात स्थिति में त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।