महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

महाशिवरात्रि पर कटहरा जंगल स्थित प्राचीन शिव मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब : कटहरा जंगल के प्राचीन शिव मंदिर में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

महराजगंज | 15-Feb-2026 10:51 AM | 234 |
महराजगंज
कटहरा जंगल के प्राचीन शिव मंदिर में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

 

महराजगंज - जिले के सदर विकास खंड क्षेत्र के कटहरा जंगल में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। भक्तों ने दूध, जल, भांग, धतूरा, पुष्प, बेलपत्र, गन्ना, अक्षत व बेर आदि अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की। मंदिर परिसर में बने हवन कुंड में अगरबत्ती और कपूर जलाकर पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य भी किया। मंदिर परिसर के बाहर लगे मेले में दिनभर रौनक बनी रही। पूजा सामग्री की दुकानों पर कपूर, अगरबत्ती, पुष्प, बेलपत्र, भांग-धतूरा और गन्ने की खरीदारी के लिए भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। बच्चों के लिए मिठाइयों, खिलौनों, गुब्बारों, बांसुरी और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर भी खासा उत्साह रहा। मेले में लगी चरखी और झूलों का बच्चों ने खूब आनंद उठाया, जिससे मेले का माहौल और भी जीवंत हो गया। मंदिर प्रांगण में साधु-संतों द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। शिव भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में की गई थी। पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.