सोशल मीडिया बैन पर नेपाल के राजनीति में आया भूचाल प्रधानमंत्री ओली ने दिया- इस्तीफा
नेपाल इन दिनों भीषण राजनीतिक संकट और जनाक्रोश से जूझ रहा है। बीते दो दिनों से जारी हिंसक प्रदर्शनों ने हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं।
भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया बैन के खिलाफ शुरू हुए इन प्रदर्शनों में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बढ़ते दबाव के बीच नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया। इससे पहले उनकी कैबिनेट के 4 मंत्रियों ने भी पद छोड़ दिया था, जिससे ओली पर इस्तीफे का दबाव और बढ़ गया।
स्थिति आज और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में घुसकर आगजनी कर दी। इसे सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी नाकामी माना जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा केवल ओली तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड, शेर बहादुर देउबा, हाल ही में गृहमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले रमेश लेखक और संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरंग के घरों को भी आग के हवाले कर दिया।
नेपाल की मौजूदा स्थिति न केवल राजनीतिक अस्थिरता बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बन गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जनता का भरोसा टूटने के बाद हालात को काबू में कैसे लाया जाएगा।