महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

नेपाल में हिंसक प्रदर्शन, 19 की मौत भारत-नेपाल सीमा पर कड़ी सुरक्षा : एस एस बी और पुलिस के आला अधिकारियों ने सुरक्षा का लिया जायजा

महराजगंज | 10-Sep-2025 02:22 AM | 234 |
महराजगंज
एस एस बी और पुलिस के आला अधिकारियों ने सुरक्षा का लिया जायजा

महराजगंज। नेपाल में सरकार के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शनों ने हालात बेहद तनावपूर्ण कर दिए हैं। अब तक की जानकारी के अनुसार इन घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 500 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

यह प्रदर्शन शुरू में सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध और सरकारी भ्रष्टाचार के विरोध से शुरू हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे हिंसक रूप ले बैठा। स्थिति बिगड़ने पर काठमांडू प्रशासन ने अनिश्चितकालीन कर्फ़्यू लागू कर दिया है।

नेपाल में बिगड़े हालातों का असर भारत-नेपाल सीमा, खासकर महराजगंज जिले के सोनौली बॉर्डर पर भी दिखाई दे रहा है। सीमा से लगे इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और पुलिस-एसएसबी की गश्त बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि सीमावर्ती थानों की पुलिस को एसएसबी के साथ मिलकर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आने-जाने वालों की कड़ी जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।

नेपाल में बढ़ती हिंसा और अस्थिर माहौल को देखते हुए बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक नेपाल से वापस लौट रहे हैं। कई नए पर्यटक हालात देखकर नेपाल जाने का विचार छोड़कर भारत लौट रहे हैं।

हालांकि नेपाल सरकार ने हालात को शांत करने के लिए सोशल मीडिया से प्रतिबंध हटा लिया है, लेकिन जनता का आक्रोश थम नहीं रहा। प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए हैं और शांति व्यवस्था बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.