महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

भिटौली थाना क्षेत्र में पुराना अतिक्रमण हटवाया गया, हाईकोर्ट के आदेश पर पूरी हुई कार्रवाई : प्रशासन की मौजूदगी में हटाया गया अतिक्रमण

महराजगंज | 13-Sep-2025 08:36 AM | 234 |
महराजगंज
प्रशासन की मौजूदगी में हटाया गया अतिक्रमण

महराजगंज- भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा करमही के टोला धर्मपुर में आज प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में पुराने अतिक्रमण का मलबा हटवा दिया। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश पर की गई। मामले  की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी, जब तहसीलदार न्यायालय ने भूमि से अतिक्रमण हटाने का आदेश पारित किया था। आदेश का पालन न होने पर पीड़ित पक्ष ने हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया। न्यायालय ने प्रशासन को आदेशित किया कि भूमि से अतिक्रमण को हटाया जाए। 10 जनवरी 2021 को जब प्रशासन अतिक्रमण हटवाने पहुंचा तो स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए पथराव कर दिया। इस दौरान जेसीबी मशीन क्षतिग्रस्त हो गई और अधिकारियों को वहां से पीछे हटना पड़ा। स्थिति गंभीर होने पर एसपी, एसडीएम सदर और सीओ सदर सहित पांच थानों की पुलिस फोर्स मौके पर बुलानी पड़ी थी। घटना के बाद 16 नामजद और 10–15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि उस समय प्रशासन ने अतिक्रमण तो हटवा दिया था, लेकिन मलबा वहीं पड़ा रह गया। पीड़ित पक्ष का कहना था कि जब तक मलबा नहीं हटेगा तब तक भूमि का उपयोग संभव नहीं है। इसी को लेकर उन्होंने हाईकोर्ट में फिर से याचिका दाखिल की। न्यायालय ने एक बार फिर प्रशासन को निर्देश दिया कि मलबा हटवाकर भूमि को पूरी तरह खाली कराया जाए। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से मलबा हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी के कारण माहौल शांतिपूर्ण रहा और कार्रवाई बिना किसी रुकावट के पूरी कर ली गई। गांव में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से यह विवाद क्षेत्र में तनाव का कारण बना हुआ था। न्यायालय और प्रशासन की पहल से मामले को सुलझाया गया।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.