PHM NEWS

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम महराजगंज आगमन पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य स्वागत

प्रकाशित: 07 Jan 2026

महराजगंज- भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम महराजगंज आगमन पर जिले में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। शिकारपुर के सेमरा टोल प्लाजा से लेकर नगर के प्रमुख चौराहों और भाजपा जिला कार्यालय तक भव्य स्वागत जुलूस निकाला गया। पूरे मार्ग पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने फूलों की वर्षा कर प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को दो क्रेन की सहायता से ढाई क्विंटल फूलों की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया गया। सड़क के दोनों ओर पांच हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता उनके अभिनंदन के लिए मौजूद रहे। इस दौरान 20 फीट ऊंचा स्वागत द्वार आकर्षण का केंद्र बना रहा।प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कतरारी और सेमरा टोल प्लाजा पर जेसीबी मशीन से पुष्पवर्षा की गई। पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टोल प्लाजा पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुआ। परतावल में निर्भय सिंह के नेतृत्व में शिवशंकर वर्मा और सतीश मद्धेशिया ने उनका स्वागत किया। भिटौली, शिकारपुर, गौनरिया, रमपुरवां चौरहा और हनुमानगढ़ी सहित विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया। नगर के सक्सेना तिराहे पर बड़ी संख्या में नगरवासियों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित भव्य स्वागत सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन और कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं। संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही सशक्त बनेगी। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से भी बड़ी जीत के लिए हर कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटना होगा।पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि पंकज चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष बनना संगठन के लिए गर्व का विषय है। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने स्वागत सभा में आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भव्य स्वागत संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का प्रतीक है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री ओम प्रकाश पटेल ने किया। इस अवसर पर जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायकगण, जिला पदाधिकारी,  ब्लाक प्रमुख  , मंडल अध्यक्ष, भिन्न संगठनों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता , और नागरिक उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी का यह पहला महराजगंज दौरा रहा, जिसे जिले के राजनीतिक इतिहास में यादगार माना जा रहा है।