निजी अस्पताल में बिगड़ी हालत, सड़क किनारे छोड़कर भागा प्रेमी- युवती की मौत
महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती को उसका प्रेमी उपचार के लिए निचलौल के एक निजी अस्पताल लेकर गया था, लेकिन हालत गंभीर होने पर अस्पताल संचालक उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गंभीर अवस्था में मिली युवती को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वर्मा को राहगीरों से सूचना मिली कि यादव चौराहे के पास सड़क किनारे एक युवती घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को तुरंत निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि मृत युवती की उम्र लगभग 21 वर्ष थी और वह अविवाहित थी। वह गर्भवती भी थी। उसका प्रेमी श्याम कुमार, जो खेसरारी भरपटिया गांव का निवासी है, उसे बीते रविवार शाम को इलाज के लिए निचलौल स्थित एक निजी अस्पताल लेकर आया था। इलाज के दौरान युवती की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद अस्पताल संचालक ने जिम्मेदारी से बचने के लिए उसे अस्पताल के बाहर सड़क पर छोड़ दिया और फरार हो गया। स्थिति गंभीर होने पर श्याम कुमार भी वहां से भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान श्याम कुमार ने बताया कि युवती की तबीयत अचानक खराब हुई थी, जिसके चलते वह उसे निजी अस्पताल ले गया था। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस ने अस्पताल संचालक एवं मृतका के प्रेमी दोनों के संदिग्ध भूमिका की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकें। कोठीभार पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।