PHM NEWS

जंगल में क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी

प्रकाशित: 11 Sep 2025

महराजगंज। जिले के सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज अंतर्गत टेढ़ी घाट बीट के जंगल में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने झाड़ियों में एक पेड़ के नीचे क्षत-विक्षत शव देखा। शव की हालत इतनी भयावह थी कि उसका सिर और पैर गायब थे।

ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर सीओ नौतनवा अंकुर गौतम भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कराई। साथ ही पुरन्दरपुर और नौतनवा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह शव हाल ही में कजरी गांव से लापता हुए मासूम अंश उर्फ प्रिंस का हो सकता है। परिजनों ने घटनास्थल पर मिले अंडरवियर को देख कर शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन सिर और पैर गायब होने के कारण स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी।

सीओ अंकुर गौतम ने कहा कि शव की सही पहचान फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है।

इस घटना से गांव के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह शव मिला है, उससे साफ है कि घटना नृशंस और रहस्यमय है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य फॉरेंसिक टीम को सौंप दिए गए हैं।

ग्रामीण अब पुलिस-प्रशासन से जल्द से जल्द इस रहस्य से पर्दा उठाने और अपराधियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।