PHM NEWS

सिंदुरिया में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी गई, ग्रामीणों में आक्रोश

प्रकाशित: 11 Oct 2025

महराजगंज। जिले के ग्राम सभा सिंदुरिया में शुक्रवार की देर रात अराजक तत्वों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने प्रतिमा को खंडित अवस्था में देखा तो पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।ग्रामीणों का कहना है कि बाबा साहब की प्रतिमा समाज की आस्था और सम्मान का प्रतीक है। ऐसी हरकत जानबूझकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सिंदुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।पुलिस ने आस पास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। वहीं, प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मूर्ति खंडित करने और शांति भंग करने के आरोप में जांच शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नई प्रतिमा स्थापित की जाए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।  स्थानीय लोगों, ने बताया कि “हमारे लिए बाबा साहब की मूर्ति सिर्फ एक प्रतिमा नहीं बल्कि सम्मान और पहचान का प्रतीक है। जिसने भी यह किया है, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए।” बुद्ध विहार के अध्यक्ष चंद्रभान प्रसाद ने बताया कि तत्काल अगर नई मूर्ति का स्थापना नहीं किया गया और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो इसको लेकर हम लोग  सिंदुरिया थाने और चौराहे पर धरना प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों में महेश प्रसाद, वीरू ,अजीत ,अजय ,राम रक्षा, अशोक कुमार,शिवमंगल गौतम, जगत नारायण, महावीर, आरती देवी ,बासमती ,अभिराजी ,सुभावती ,रूमाली सहित सैकड़ों ग्रामीण आक्रोशित है।