सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
महराजगंज- सिंदुरिया थाना क्षेत्र में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा पतरेंगवा टोला अरनहवा के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कई दिनों तक चले उपचार के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद से परिवार और स्थानीय क्षेत्र में गम का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को पतेश्वर की पत्नी सोना देवी (लगभग 46 वर्ष) अपने बड़े बेटे के साथ बाइक से महाराजगंज से घर लौट रही थीं। शाम के समय वे पतरेंगवा टोला अरनहवा के पास पहुँची ही थीं कि सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोना देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर और शरीर के पिछले हिस्से पर गहरी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल महिला को जिला अस्पताल महाराजगंज पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सोना देवी की गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और सोमवार देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका अपने पीछे दो बेटे सचिन (21 वर्ष) और अमित (18 वर्ष)को छोड़ गई हैं, मां की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में हैं।